मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित संस्कृति रिसोर्ट के सामने गुरुवार सुबह अपहरण कर दुष्कर्म करके महिला को हाईवे किनारे फेंकने की सूचना पर पुलिस के होश उड़ गए। महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस दुष्कर्म की घटना से इन्कार कर रही है और उसे मंदबुद्धि बता रही है। जिन नगर निगम कर्मियों को सुबह व मिली थी उनका कहना है कि महिला ने अपने साथ गलत काम होने की बात भी कही थी और खुद को बरेली की बता रही थी। अभी यह पता नहीं चल पा रहा कि वह बरेली में कहां की रहने वाली है। पुलिस का कहना है कि महिला बयान बदल रही है कभी ट्रक से आना बताया तो कभी ट्रेन से बता रही है। बरेली पुलिस से भी संपर्क किया गया है। सुबह सूचना मिली थी कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला को ट्रक से फेंका गया है।
महिला से एक घंटे तक पूछताछ की गई, जिसमें महिला पुलिस को अपना नाम भी नहीं बता पा रही। महिला केवल इतना ही बता पा रही है कि वह अपनी सास और 8 वर्ष के बेटे के साथ ट्रेन से दिल्ली दवा लेने जा रही थी। सिटी स्टेशन पर ट्रेन रुकी और वह नीचे उतरी इसी बीच ट्रेन चली गई और वह भीड़ में ट्रेन को देख नहीं पाई।
महिला को घर तक पहुंचाना पहली प्राथमिकतामहिला हाईवे तक कैसे पहुंची यह भी नहीं बता पा रही। पति और बच्चे का नाम भी नहीं बता पा रही। जिसके बाद पुलिस इसे मंदबुद्धि मान रही है। कंकरखेड़ा थाने की योगीपुरम चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार महिला को जिला अस्पताल मेडिकल कराने ले गए। पुलिस का कहना है कि महिला के साथ दुष्कर्म की सूचना प्रथम दृष्टया झूठी लग रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल महिला को उसके परिजनों तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
महिला का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद हाईवे पर फेंकने की सूचना पर दौड़ी पुलिस