पुलिसकर्मी से दुष्कर्म का आरोपी मौलवी पहुंचा एसपी ऑफिस

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में एक महिला पुलिसकर्मी ने शहर की एक मस्जिद में मौलवी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया। पारिवारिक समस्या को लेकर वह मौलवी के संपर्क में आई थी। आरोप है कि मौलवी ने तंत्र मंत्र के बहाने 14 माह में पांच बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उधर शुक्रवार को मामले में फरार आरोपी मौलवी एसपी दफ्तर पहुंचा और खुद को निर्दोष बताया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। 
मूल रूप से बिजनौर जनपद की रहने वाली 45 वर्षीय महिला ने केस दर्ज कराते हुए बताया कि साल 2002 में उसके पति की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। साल 2006 में उसे अपने पति की जगह पुलिस की नौकरी मिल गई थी। साल 2018 में उसका बेटा सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था।  
 
तीन जुलाई 2018 को वह शहर की मस्जिद के मौलवी जुबेर के पास पहुंची और पारिवारिक समस्याओं के विषय में बताया। आरोप है कि मौलवी ने उसे रात में बुलाया और झांसा देते हुए दुष्कर्म किया। तब से अब तक मौलवी के साथ पांच बार दुष्कर्म किया है। आरोप है कि उससे लाखों रुपये भी ऐंठ लिए गए। अब मौलवी उसे मारने की धमकी दे रहा है।


इस मामले में महिला पुलिसकर्मी ने एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव से शिकायत की। एसपी ने एएसपी अनिल कुमार सिंह और सीओ सिटी ओमपाल सिंह से जांच कराई। एसपी के निर्देश पर महिला थाने में आरोपी मौलवी जुबेर के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत केस दर्ज कराया गया है। सीओ सिटी ओमपाल सिंह ने बताया कि मौलवी शुक्रवार को एसपी ऑफिस पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उसने खुद को निर्दोष बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।