आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बागपत। महिला थाने की हेड कांस्टेबल ने शहर की एक मस्जिद के मौलवी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मौलवी की तलाश में दबिश दी, लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
महिला हेड कांस्टेबल ने बताया कि पारिवारिक परेशानियों से निजात पाने के लिए वह मस्जिद के मौलवी के संपर्क में आई थी। जादू टोना कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। तीन जुलाई 2018 से अब तक पांच बार दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है।
हेड कांस्टेबल की तहरीर पर महिला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीडि़ता बिजनौर की रहने वाली है। उसके पति की हादसे में साल 2002 में मौत हो गई, जिसके बाद मृतक आश्रित कोटे में महिला को साल 2002 में नौकरी मिल गई।
परिवार के साथ वह इन दिनों बागपत में ही रह रही थी। बेटे के हादसे में घायल होने के बाद वह मौलवी के संपर्क में आई थी। सीओ ओमपाल सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रकरण की जांच में जुट गई है।