महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या, आम के बाग में अर्धनग्न मिली लाश

मेरठ। किठौर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर से सौ मीटर की दूरी पर आम के बाग में रिटायर्ड फौजी की पचास वर्षीय पत्‍नी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। अर्धनग्न शव को देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा करते हुए चार घंटे तक शव नहीं उठने दिया। पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।


घर पर नहीं मिलने पर शुरू की गई तलाशी


गांव में रिटायर्ड फौजी का परिवार रहता है। उनकी तीन बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है। एक बेटा पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार को रिटायर्ड फौजी अपने खेत पर गए थे। शाम छह बजे घर लौटे तो पत्‍नी घर पर नहीं थी। दोनों बेटे भी पहुंच गए। परिजनों ने महिला की तलाश शुरू की। पास के खेत में भी गए लेकिन कुछ पता नहीं चला। रिटायर्ड फौजी के चौकीदार भाई ने बताया कि ग्राम प्रधान के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों में महिला की तलाश शुरू की। 



शव देखकर ग्रामीणों में आक्रोश


घर से सौ मीटर की दूरी पर स्थित आम के बाग के एक कोने में महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। छोटे बेटे ने शव को देखकर पिता को जानकारी दी। आरोप है कि सूचना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने कहा कि महिला की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की गई है। शव देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा करते हुए करीब चार घंटे तक शव नहीं उठने दिया। सीओ आलोक सिंह और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। सीओ ने 24 घंटे में घटना का राजफाश का आश्वासन दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर रात अज्ञात में तहरीर दी गई है।