देवबंद। देवबंद में योगी पुलिस की सुस्ती के चलते एक ओर भाजपा नेता की बाइक सवार बदमाशों ने ताबडतोड गोलिया बरसाकर निर्मम हत्या कर दी। नगरपालिका के सभासद एवं भाजपा नगर उपाध्यक्ष चैधरी धारा सिंह शुगर मिल में ड्यूटी पर जाते समय बदमाशो की गोली का शिकार बने। दिनदहाडे भाजपा नेता की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे मे हडकंप मच गया। डीआईजी, एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के भतीजे की तहरीर पर अज्ञात बदमाशो के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड की सीमा से सटे बंदरजुड्डा गांव निवासी चैधरी धारा सिंह (५३) नगर की कमला विहार कालोनी में सपरिवार रहते थे। वर्तमान में चैधरी धारा सिंह नगरपालिका मंे सभासद और भाजपा नगर कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष थे। वह त्रिवेणी चीनी मिल के गन्ना विभाग में सेक्टर इंचार्ज भी थे। धारा सिंह रोजाना की तरह शनिवार को भी चीनी मिल में ड्यूटी पर जाने के लिए सुबह घर से बाइक द्वारा निकले थे। करीब ८.३० बजे जैसे ही वह रणखंडी रेलवे फाटक के समीप पहुंचे तो फाटक बंद होने के कारण उन्हे वंहा रुकना पडा। फाटक खुलते ही जैसे ही वह बाईक लेकर चले इसी दौरान पीछे से दूसरी बाइक पर आये बाईक सवार बदमाशों ने उन पर फायर झौंक दिया। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार बाईक पर पीछे बैठे युवक ने तीन फायर किये। सिर में गोली लगने से चैधरी धारा सिंह लहुलुहान हालत में बाईक सहित सडक पर गिर गए। घटना को अंजाम देने के बाद भायला रोड की ओर से बदमाश सकुशल फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात की सूचना से पुलिस महकमे में हडकंप मच गया। चैधरी धारा सिंह को गंभीर हालत में सरकारी चिकित्सालय पंहुचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसडीएम राकेश कुमार, सीओ चैब सिंह, कोतवाल आनंद देव मिश्र भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे तथ घटना की बाबत जानकारी ली। शुगर मिल के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। क्षेत्रीय विधायक ब्रिजेश सिंह, जिला को-आपरेटिव बैंक के चेयरमैन चैधरी राजपाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष डा. उपेंद्र सिंह, भाजपा नगराध्यक्ष गजराज राणा समेत बड़ी संख्या में लोगों की अस्पताल में भीड़ उमड़ पड़ी। घटना से आक्रोशित कुछ लोगों ने शुगर मिल के अधिकारियों पर मृतक धारा सिंह का उत्पीडन करने का आरोप लगाया। कुछ ही देर में वहां पहुंचे डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल, एसएसपी दिनेश कुमार, एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। कोतवाल आनंद देव मिश्र ने बताया कि मृतक भाजपा नेता के भतीजे मनोज ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। दिन ढले पोस्टमार्टम के बाद सभासद के शव का उनके गांव बंदरजुडडा में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।